पौड़ी की महिलाओं की बेकरी यूनिट, पहाड़ी अनाज से बने उत्पाद विदेशों तक पहुंचे

पौड़ी की महिलाओं की बेकरी यूनिट बनी आत्मनिर्भरता की मिसाल, पहाड़ी अनाज से बने उत्पादों की बढ़ी मांग

पौड़ी- विकासखंड कार्यालय के समीप वर्ष 2019 में स्थापित उमंग स्वायत सहकारिता बिजली ढ़ांढ़री की बेकरी यूनिट आज ग्रामीण महिलाओं के लिए रोजगार एवं आत्मनिर्भरता का मजबूत माध्यम बन गयी है। बेकरी यूनिट की स्थापना 10 अक्टूबर 2019 को की गयी थी, जिसे हिमोत्थान समिति देहरादून (टाटा ट्रस्ट) तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से प्रारंभ किया गया।

ब्लॉक मिशन मैनेजर विजय सिंह ने बताया कि बेकरी यूनिट में वर्तमान में 6 महिलाएं नियमित रूप से कार्य कर रही हैं। हिमोत्थान समिति देहरादून द्वारा समूह की महिलाओं को बेकरी उत्पाद तैयार करने हेतु निशुल्क मशीनें उपलब्ध करायी गयी, साथ ही बेकरी सामग्री बनाने का प्रशिक्षण भी दिया गया। प्रशिक्षण के बाद महिलाओं ने स्थानीय पहाड़ी अनाज से बेकरी उत्पाद तैयार कर बाजार में विक्रय करना शुरू किया, जिससे आज यह यूनिट एक सफल स्वरोजगार मॉडल के रूप में स्थापित हो गयी है। इसके साथ ही 105 स्थानीय महिलाओं से 90 रुपये प्रतिकिलो झंगोरा और 47 रुपये प्रतिकिलो मंडुवा खरीदा जा रहा है, जिससे उन्हें भी रोजगार से जोड़ा गया है।

यूनिट की विशेषता यह है कि यहां मंडुवा और झंगोरा जैसे स्थानीय एवं पोषक अनाज से बेकरी के बिस्किट, लड्डू, केक सहित अन्य सामग्री तैयार की जाती है। पहाड़ी उत्पादों से तैयार बेकरी सामग्री को स्थानीय बाजारों में विक्रय किया जा रहा है, साथ ही इसकी मांग अन्य राज्यों तक भी बढ़ रही है।

बेकरी यूनिट से प्रतिदिन औसतन 5 से 6 हजार रुपये की कमाई हो रही है। वहीं यूनिट का मासिक टर्नओवर 1.50 लाख से 2 लाख रुपये तक पहुंच रहा है तथा प्रतिमाह लगभग 70 से 80 हजार रुपये का शुद्ध लाभ भी प्राप्त हो रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से बेकरी उत्पादों को स्थानीय बाजारों के साथ-साथ अन्य राज्यों में आयोजित मेलों एवं कार्यक्रमों में स्टॉल लगाकर भी विक्रय किया जा रहा है, जिससे उत्पादों की बिक्री में लगातार वृद्धि हो रही है।

पौड़ी में स्थापित इस बेकरी यूनिट में मंडुवे के बिस्किट, झांगोरे के बिस्किट, लड्डू, मंडुवे के केक, नानखटाई, बंद, रस सहित अन्य पहाड़ी उत्पादों से तैयार बेकरी सामग्री उपलब्ध है। यह यूनिट महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में सामने आयी है।

विदेशों तक पहुंच रहे पौड़ी के पहाड़ी बेकरी उत्पाद

पौड़ी में स्थापित बेकरी यूनिट से तैयार उत्पादों की गुणवत्ता एवं स्वाद को देखते हुए दिल्ली की “रंगीलाे छबीलों” कंपनी द्वारा भी यहां से नियमित रूप से बेकरी उत्पाद खरीदे जा रहे हैं। विशेष रूप से मक्खन एवं गुड़ से तैयार बिस्किट सहित अन्य पहाड़ी अनाज से बने उत्पाद कंपनी द्वारा पौड़ी की इस यूनिट से खरीदे जा रहे हैं। कंपनी द्वारा इन उत्पादों को देश के विभिन्न राज्यों के साथ-साथ विदेशों तक भी पहुंचाया जा रहा है। इससे पौड़ी की महिलाओं द्वारा तैयार पहाड़ी बेकरी उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल रही है। देश के अलावा विदेशों में भी लोग इन उत्पादों के स्वाद और गुणवत्ता को खूब पसंद कर रहे हैं।