शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत याचिकाओं पर कल होगी सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

नई दिल्ली। वर्ष 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों से जुड़े कथित बड़ी साजिश के मामले में जेल में बंद शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत याचिकाओं पर बुधवार को सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। दोनों आरोपियों ने दिल्ली हाईकोर्ट के उस फैसले को चुनौती दी है, जिसमें यूएपीए के तहत उन्हें जमानत देने से इनकार कर दिया गया था। दोनों की ओर से लंबे समय से जेल में रहने और मुकदमे की सुनवाई में हो रही देरी को जमानत का आधार बनाया गया है।

मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची तथा वी. मोहना की पीठ इस मामले की सुनवाई कर सकती है। दोनों आरोपियों का कहना है कि जब मुकदमे की कार्यवाही आगे नहीं बढ़ रही है और अभियोजन पक्ष अब तक संरक्षित गवाहों से पूछताछ नहीं कर पाया है, तो उन्हें अनिश्चितकाल तक जेल में रखना उचित नहीं है।

मुकदमे में देरी को बनाया जमानत का आधार

शरजील इमाम ने अपनी याचिका में बताया है कि इस मामले में 25 सितंबर 2020 को आरोपपत्र दाखिल किया गया था। कुल 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा चल रहा है। अभियोजन पक्ष ने 900 से अधिक गवाहों की सूची पेश की है, जिनमें 47 संरक्षित गवाह शामिल हैं। इमाम का दावा है कि करीब छह साल नौ महीने तक विचाराधीन कैदी के रूप में जेल में रहने के बावजूद अभियोजन पक्ष एक भी गवाह से पूछताछ नहीं कर पाया है।

वहीं, उमर खालिद ने भी मुकदमे की धीमी रफ्तार का हवाला देते हुए जमानत की मांग की है। उनका तर्क है कि संरक्षित गवाहों की गवाही की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है और सुप्रीम कोर्ट की ओर से निर्धारित एक साल की अवधि भी समाप्त होने वाली है। ऐसे में लगातार हिरासत में रखना संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत मिले जीवन और व्यक्तिगत स्वतंत्रता के अधिकार के खिलाफ होगा।

हाईकोर्ट और ट्रायल कोर्ट से नहीं मिली राहत

इससे पहले 30 सितंबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। हाईकोर्ट ने कहा था कि वह सुप्रीम कोर्ट के 5 जनवरी के आदेश से बंधा हुआ है और उसमें निर्धारित शर्तों में बदलाव नहीं कर सकता।

सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश के मुताबिक, दोनों आरोपी संरक्षित गवाहों से पूछताछ पूरी होने या एक साल की अवधि समाप्त होने, इनमें से जो भी पहले हो, उसके बाद नई जमानत याचिका दाखिल कर सकते हैं।

इससे पहले 4 जुलाई को ट्रायल कोर्ट ने भी दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं। अदालत ने सुप्रीम कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए इस स्तर पर राहत देने से इनकार किया था। गिरफ्तारी के बाद यह तीसरी बार था, जब दोनों की जमानत याचिकाएं खारिज हुई थीं।

सुप्रीम कोर्ट ने अन्य आरोपियों को दी थी राहत

इस साल 5 जनवरी को सुप्रीम कोर्ट ने भी दोनों को जमानत देने से इनकार कर दिया था। हालांकि, इसी मामले में आरोपी गुलफिशा फातिमा, मीरान हैदर, शिफा उर रहमान, मोहम्मद सलीम खान और शादाब अहमद को जमानत दी गई थी।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि शरजील इमाम और उमर खालिद की भूमिका अन्य आरोपियों से अलग नजर आती है। अदालत ने कथित साजिश का वैचारिक आधार तैयार करने में उनकी भूमिका का भी उल्लेख किया था। दोनों के खिलाफ प्रथम दृष्टया यूएपीए के तहत मामला बनता है।

53 लोगों की हुई थी मौत, 700 से ज्यादा घायल

गौरतलब है कि फरवरी 2020 में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (एनआरसी) के विरोध में चल रहे प्रदर्शनों के दौरान उत्तर-पूर्वी दिल्ली में हिंसा भड़क गई थी। इन दंगों में 53 लोगों की जान गई थी, जबकि 700 से अधिक लोग घायल हुए थे। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल इस मामले में कथित बड़ी साजिश की जांच कर रही है।

शरजील इमाम को 25 अगस्त 2020 और उमर खालिद को 13 सितंबर 2020 को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस ने दोनों पर दंगों की साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है।

इसी मामले में सुप्रीम कोर्ट ने 22 मई को सह-आरोपी अब्दुल खालिद सैफी और तस्लीम अहमद को छह महीने की अंतरिम जमानत दी थी। साथ ही यूएपीए के सख्त जमानत प्रावधानों के बीच विचाराधीन कैदियों को लंबे समय तक जेल में रखने से जुड़े सवाल को बड़ी पीठ के पास भेजा था।

अब बुधवार को होने वाली सुनवाई में शरजील इमाम और उमर खालिद की जमानत याचिकाओं पर सुप्रीम कोर्ट के रुख पर नजर रहेगी।