15 साल बाद फिर साथ आए शाहरुख-करीना, ‘किंग’ का नया गाना हुआ रिलीज

शाहरुख खान की फिल्म ‘किंग’ को लेकर दर्शकों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है। फिल्म के पहले गाने के बाद अब मेकर्स ने दूसरा गाना ‘डैडी कूल’ रिलीज कर दिया है। इस गाने में शाहरुख खान और करीना कपूर की जोड़ी जबरदस्त डांस करती नजर आ रही है। खास बात यह है कि दोनों सितारे करीब 15 साल बाद एक बार फिर पर्दे पर साथ दिखाई देंगे। गाने में अरिजीत सिंह और शिल्पा राव की आवाज ने भी खास रंग भर दिया है।

15 साल बाद फिर साथ दिखेंगे शाहरुख और करीना
फिल्म ‘किंग’ का पहला गाना ‘तू मिल जाए’ रिलीज होने के बाद से ही चर्चा में है। इसमें शाहरुख खान और दीपिका पादुकोण की झलक देखने को मिली थी। वहीं, नए गाने ‘डैडी कूल’ में शाहरुख के साथ करीना कपूर नजर आ रही हैं। दोनों की जोड़ी को आखिरी बार साल 2011 में आई फिल्म ‘रा.वन’ में देखा गया था। ऐसे में लगभग डेढ़ दशक बाद दोनों को एक साथ देखना फैंस के लिए किसी खास तोहफे से कम नहीं है।

डांस फ्लोर पर शाहरुख-करीना का शानदार अंदाज
‘डैडी कूल’ में शाहरुख खान और करीना कपूर का अंदाज काफी आकर्षक है। रेट्रो लुक और जोशीले संगीत के साथ दोनों सितारे अपने डांस मूव्स से दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। गाने में दोनों के बीच शानदार तालमेल देखने को मिल रहा है। करीना अपने ग्लैमरस अंदाज में नजर आ रही हैं, वहीं शाहरुख भी अपने खास डांस स्टाइल से उन्हें कड़ी टक्कर देते दिखाई दे रहे हैं।

पुराने हिट गाने को दिया नया अंदाज
‘डैडी कूल’ को मशहूर बैंड बोनी एम के साल 1976 में आए लोकप्रिय गाने से प्रेरित होकर नए अंदाज में तैयार किया गया है। इसके नए संस्करण में मूल अंग्रेजी गायकी को भी शामिल किया गया है, जिससे गाने को अंतरराष्ट्रीय पहचान वाला अंदाज मिला है। कुमार ने इसके बोल लिखे हैं, जबकि सचिन-जिगर ने संगीत को नए रूप में तैयार किया है। गाने की कोरियोग्राफी वैभवी मर्चेंट ने की है।

इस गाने को मेटा के प्रमुख कार्यक्रम ‘हाउस ऑफ इंस्टाग्राम 2026’ में लॉन्च किया गया। इस आयोजन में देशभर के 700 से अधिक चर्चित कंटेंट क्रिएटर्स ने हिस्सा लिया।

शाहरुख-करीना को साथ देख फैंस को आई ‘डॉन’ की याद
‘किंग’ के नए गाने में शाहरुख और करीना की जोड़ी देखकर सोशल मीडिया पर फैंस को फिल्म ‘डॉन’ का गाना ‘ये मेरा दिल’ भी याद आ गया। दर्शक दोनों सितारों को दोबारा साथ देखकर खुशी जाहिर कर रहे हैं। लंबे समय बाद पर्दे पर उनकी वापसी ने फिल्म को लेकर उत्सुकता और बढ़ा दी है।

बता दें कि सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी फिल्म ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में शाहरुख खान और करीना कपूर के अलावा सुहाना खान भी अहम भूमिका में नजर आएंगी।